Ads (728x90)

मेरठ, 21 अप्रैल (नकुल बालियान)। टीपीनगर क्षेत्र से अपहृत एक किशोरी के पिता ने शुक्रवार को सारथी संस्था के पदाधिकारियों के साथ एसएसपी से मुलाकात की। उसने कप्तान से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उसकी पुत्री के अपहरण के मामले में थाना पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं खुद को महिला आयोग का सदस्य बताने वाली कुछ महिलाएं उसे आरोपियों के समझौता न करने पर धमकी दे रही हैं। एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
नई मंडी बनवारी वाटिका निवासी दीवानचंद ने सारथी संस्था की अध्यक्ष कल्पना पांडे और सचिव अशोक शर्मा के साथ एसएसपी जे रविन्द्र गौड़ से मिलकर अपनी बात कही। उसने बताया कि उसकी 16 वर्षीया पुत्री सोनम का बीती 2 फरवरी को अपहरण हो गया था। इस मामले में उसने मोनू उर्फ सोनू और नीरज उर्फ पंकज पुत्रगण गजराज निवासी शिवपुरम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस ने अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, उल्टा थाने में किशोरी के विषय में जानकारी करने पर एसओ उसे चक्कर कटा रहे हैं। उसने बताया कि खुद को महिला आयोग की सदस्य बताने वाली तीन महिलाएं उसके घर पर आईं और आरोपियों में से एक का नाम मुकदमे से निकलवाए जाने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर उसे जेल भिजवाने की धमकी दी जा रही है। उसने अपनी पुत्री की बरामदगी और और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ अपने परिवार को सुरक्षा दिए जाने की मांग की। एसएसपी ने थाना पुलिस को कार्यवाही के आदेश दिए हैं।



Post a Comment

Blogger