Ads (728x90)

भिवंडी ( एम हुसेन )भाजपा के भिवंडी सांसद कपिल पाटिल के प्रयास व केन्द्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभु के आदेश पर वसई-दिवा रेलवे मार्ग पर भिवंडी तालुका में तीसरा नया रेलवे स्टेशन निर्माण के लिए पिंपलास गाँव में रेलवे विभागीय टीम द्वारा जगह का निरिक्षण किया गया | पिंपलास नया रेलवे स्टेशन निर्माण के लिए प्रस्ताव रेलवे बोर्ड व मंत्रालय के पास भेजा गया है | पिंपलास में नया रेलवे स्टेशन निर्माण किऐ जाने की सम्भावना से क्षेत्र वासियों में ख़ुशी की लहर व्याप्त है |
गौरतलब हो कि भिवंडी तालुका से होकर जाने वाली दिवा-वसई रेलवे मार्ग पर भिवंडी रोड व खारबांव दो ही रेलवे स्टेशन हैं | इन दोनों स्टेशन से प्रति दिन सैकड़ों यात्री दिवा से वसई तथा आगे के अन्य स्टेशनों की यात्रा करते हैं | इसी प्रकार पास के कल्याण तालुका में कोपर से भिवंडी रोड स्टेशन के बीच एक भी रेलवे स्टेशन नही है | इसी रेलमार्ग पर स्थित पिंपलास परिसर के आस पास के 18 गाँव की जनसंख्या तेज़ी से बढ़ रही है | पिंपलास, वेहले, ओवली, अंजूरदिवा, भरोडी, सरवली सहित गोवे एमआईडीसी क्षेत्र के लगभग डेढ़ लाख से अधिक रहने वाले नागरिक रेलवे स्टेशन न होने से बस अथवा रिक्शा से डोम्बिवली से भिवंडी बीच की यात्रा करने पर मजबूर हैं | नागरिकों की इस समस्या को देखते हुए नागरिक सुविधा हेतु भिवंडी के सांसद कपिल पाटिल ने पिंपलास में नये रेलवे स्टेशन निर्माण के लिए केन्द्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभु से भेंटवार्ता कर ज्ञापन देते हुए मांग की थी | सांसद पाटिल की मांग पर गंभीर रूप से विचार करते हुए रेलमंत्री प्रभु
ने पिंपलास रेलवे स्टेशन निर्माण के लिए रेलवे बोर्ड को सर्वेक्षण करने का आदेश दिया था | इस कार्य के लिए रेलवे के ठाणे विभागीय वाणिज्य विभाग के निरीक्षक संजय गुप्ता की सर्वेक्षक पद पर नियुक्ति की गयी | रेल अधिकारी संजय गुप्ता अपनी टीम के साथ नियोजित रेलवे स्टेशन के लिए जगह का निरिक्षण करने आये | उस समय भाजपा के तालुका महासचिव राम माली, गिरीश म्हात्रे,संजय पाटिल, फुलाजी गायकवाड, जीतेन्द्र पाटिल तथा अन्य ग्राम के लोगों ने स्टेशन के सन्दर्भ में चर्चा करते हुए पिंपलास में स्टेशन निर्माण किए जाने के आवश्यकता की पूरी जानकारी दी | इस संभावित स्टेशन के सन्दर्भ में रेल अधिकारी संजय गुप्ता ने दिल्ली रेलवे बोर्ड के पास प्रस्ताव भेजा है | भाजपा पदाधिकारी राम माली ने आशा व्यक्त की है कि पिंपलास में शीघ्र रेलवे स्टेशन निर्माण की मंज़ूरी मिलेगी और रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने की आशा जताई है | इस स्टेशन के निर्माण से क्षेत्र के लगभग डेढ़ लाख नागरिकों को रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी | केंद्र सरकार व रेलवे विभाग के इस निर्णय से पिंपलास क्षेत्र की विकास गति में तेज़ी आएगी | इस जानकारी से क्षेत्र के नागरिकों में ख़ुशी की लहर व्याप्त हो गई है |

Post a Comment

Blogger