Ads (728x90)

प्रतापगढ-: (प्रमोदश्रीवास्तव) आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद होर्डिंग्स और वाहनों से झंडा और स्टीकर निकालने का कार्य गुुरुवार को दिन भर चला। अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मी इस काम को अंजाम देते रहे। ताकि आयोग के आदेश का पालन हो सके।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार की सुबह से नगर पालिका कर्मी शहर की होर्डिंग्स पर टूट पड़े। नगर में होर्डिंग्स के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जेई सिविल ओपी पांडेय और सफाई निरीक्षक ऋषिपाल सिंह की अगुवाई में शहर की होर्डिंग्स हटाई जाती रही। सदर एसडीएम शशिभूषण राय और ईओ नगर पालिका अवधेश यादव होर्डिंग्स हटवाने के लिए चक्रमण करते रहे। मुख्य मार्गो के अलावा गलियों में होर्डिंग्स हटाई जाती रही।
दोपहर बाद से पुलिस सड़कों पर उतर पड़ी। चार पहिया वाहनों से राजनैतिक दलों का झंडा उतारा जाता रहा। वाहनों पर लगे स्टीकर भी पुलिसकर्मी नोचते रहे। चिलबिला, भंगवा चुंगी, भुपियामऊ, जेल चौकी, मकंद्रूगंज चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में होर्डिंग्स की सफाई कराने के बाद वाहनों की जांच करने में व्यस्त रहे। कारों से काली फिल्म निकलवाई जाती रही। इस दौरान ठंड से सिकुड़ रहे लोग होर्डिंग्स जलाकर लोग ठंड से निजात पा रहे।

Post a Comment

Blogger