Ads (728x90)

मुंबई। मुंबई मनपा के शिक्षा विभाग का कामकाज बिना किसी रोक और सुचारू रूप से चलता रहे इसके लिए एक और शिक्षा अधिकारी के पद का निर्माण किया गया है। मनपा आयुक्त की अध्यक्षता में पदगठित की गई समिति ने इस पद को मंजूरी दी। नया पद 6 महीने के लिए ठेके पर होगा। जिसके कारण अब मुंबई मनपा शिक्षा विभाग में दो शिक्षा अधिकारी होंगे।

मुंबई मनपा में वर्ष 1907 से शिक्षा विभाग है। शिक्षा विभाग का कामकाज शिक्षाधिकारी के द्वारा चलाया जाता है। शुरुआत में मनपा के स्कूलों की संख्या कम थी। परंतु धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी होती गई। फ़िलहाल मनपा के 1083 प्राथमिक स्कूल, 149 माध्यमिक स्कूल,1 विकलांगों बच्चों के लिए विशेष स्कूल कार्यरत है। इस के अलावा 427 निजी प्राथमिक अनुदानित स्कूल व 672 निजी प्राथमिक बिनाअनुदानित स्कूलों का भी कामकाज देखा जाता है।

शिक्षा विभाग का कामकाज चलाने के लिए तकरीबन 2600 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है। स्कूलों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारी के प्रशासनिक और पर्यवेक्षण करने की जिम्मेदारी एक ही शिक्षा अधिकारी पर रहती है। केंद्र व राज्य सरकार की योजना के अनुसार नए-नए उपक्रम क्रियान्वित किए जाएंगे। मनपा स्कूलों की इमारतों, प्रशिक्षित शिक्षक, वर्ग उपलब्ध होने के बावजूद गुणवत्ता में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। उसके कारण शिक्षा विभाग की बहुत शिकायत झेलनी पड़ती है। इसके कारण शिक्षा विभाग का विस्तृत कारभार संभालने के लिए एक से अधिक शिक्षा अधिकारी की आवश्यकता थी। इसकी मांग शिक्षा विभाग ने मनपा आयुक्त से की थी। जिसके बाद एक और शिक्षा अधिकारी के पद को मंजूरी दी गई।

Post a Comment

Blogger